सिमगा में सिटी सर्विलांस सिस्टम की शुरुआत, सुरक्षा व्यवस्था हुई हाईटेक

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा नगर में शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सिटी सर्विलांस सिस्टम का शुभारंभ किया। उन्होंने थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और नगर की निगरानी व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।
इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जनपद अध्यक्ष दौलत राम पाल, जनपद सदस्य चंद्रप्रकाश टोंड्रे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
तकनीक से अपराध पर लगाम
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रही है। सिमगा नगर में यह नई पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। नगर में 40 उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाए गए हैं जो दिन-रात स्पष्ट दृश्य कैद करने में सक्षम हैं। इससे अपराध की पहचान, आरोपी की खोज, ट्रैफिक मैनेजमेंट और दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहायता मिलेगी।
“तीसरी आंख” बनेगा सर्विलांस सिस्टम
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इसे शहर की “तीसरी आँख” बताते हुए कहा कि यह प्रणाली पुलिस को ठोस साक्ष्य जुटाने में मदद करेगी और त्वरित कार्रवाई संभव होगी। कलेक्टर और एसपी ने इसे नगर की सुरक्षा के लिए बेहद अहम बताया और कहा कि इससे नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।
तकनीकी रूप से सशक्त सिमगा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत अधिकारी सहित अनेक नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे। यह पहल सिमगा को एक तकनीकी रूप से सशक्त, सुरक्षित और निगरानीयुक्त नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।




