सूरजपुर में 600 छात्राओं को दिखाई गई ‘द केरल स्टोरी 2’, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का संदेश

रायपुर। सूरजपुर जिले में छात्राओं को सामाजिक रूप से जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की करीब 600 छात्राओं को सामाजिक विषय पर आधारित फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ दिखाई गई।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आज के बदलते सामाजिक माहौल में बेटियों का शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को जीवन की चुनौतियों को समझने और सही निर्णय लेने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी। उनका कहना था कि आत्मविश्वास और जागरूकता ही बेटियों की सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें सुरक्षित और सशक्त भविष्य की ओर ले जाती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने फिल्म के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा और इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विभाग की विभिन्न योजनाओं के जरिए बेटियों को बेहतर अवसर प्रदान करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे शिक्षा, सुरक्षा और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ सकें।
इस आयोजन में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, प्राध्यापक, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।




