Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

 छत्तीसगढ़ के दो स्वास्थ्य केन्द्रों को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र

Two health centers of Chhattisgarh got National Quality Certificate

रायपुर। बलरामपुर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डीपाडीह कला व आयुष्मान आरोग्य मंदिर केवली को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा और मरीजों को बेहतर ईलाज उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र हासिल करने वाले दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टॉफ को बधाई दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि ये अस्पताल आगे भी अपनी उत्कृष्टता बरकरार रखते हुए मरीजों की सेवा करेंगे और प्रदेश के दूसरे अस्पतालों के लिए नए प्रतिमान स्थापित करेंगे।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम द्वारा किए गए परीक्षण एवं मूल्यांकन में डीपाडीह कला को 92.80 व केवली को 90.72 प्रतिशत अंक प्राप्त हुआ है। यहां यह उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान करने के पूर्व विशेषज्ञों की टीम द्वारा अस्पताल की सेवाओ और संतुष्टि स्तर का विभिन्न मानकों पर परीक्षण किया जाता है, इनमें उपलब्ध सेवाएं, मरीजों का अधिकार, इनपुट, सपोर्ट सर्विस, क्लीनिकल सर्विसेस, इन्फेक्शन कण्ट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटकम जैसे पैरामीटर शामिल होते हैं। इन मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुणवत्ता प्रमाण-पत्र जारी किये जाते हैं।