छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

3147 करोड़ का हाईवे प्रोजेक्ट शुरू: छत्तीसगढ़ से झारखंड तक बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ा बूस्ट मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य की रजत जयंती पर घोषित मेगा हाईवे परियोजना अब जमीन पर उतर चुकी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पत्थलगांव से कुनकुरी होते हुए झारखंड सीमा तक NH-43 के अहम हिस्से पर निर्माण कार्य तेज कर दिया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 3147 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर, जिसकी कुल लंबाई 627 किलोमीटर है, उसमें छत्तीसगढ़ का हिस्सा सबसे बड़ा है। करीब 384 किलोमीटर का यह भाग राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। फिलहाल 104.25 किलोमीटर लंबे पत्थलगांव-झारखंड सीमा खंड पर तेजी से काम चल रहा है।

इस हाईवे को पूरी तरह आधुनिक और बाधारहित बनाने के लिए 382 संरचनाएं तैयार की जा रही हैं। इनमें बड़े और छोटे पुल, फ्लाईओवर, अंडरपास और सैकड़ों पुलिया शामिल हैं, जिससे यात्रा सुरक्षित और स्मूद होगी।

यह कॉरिडोर छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा। खासकर जशपुर जिले के लिए यह सड़क लाइफलाइन साबित होगी, जो पत्थलगांव, कुनकुरी, कांसाबेल और जशपुर जैसे शहरों को सीधे जोड़ेगी। साथ ही रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को झारखंड के धनबाद से जोड़कर व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

इस परियोजना के पूरा होने से यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और ट्रांसपोर्ट लागत घटेगी। इसके साथ ही कोयला खदानों और स्टील प्लांट्स तक पहुंच आसान होगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button