स्कूल के 42 बच्चों को मिला साफ नजर का तोहफा, नेत्र जांच के बाद बांटे गए मुफ्त पावर चश्मे

रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय और एनएचआईटी (NHIT) ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तरपोंगी में विद्यार्थियों को निशुल्क पावर वाले चश्मे वितरित किए।
दरअसल, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पहले स्कूल में नेत्र जांच शिविर लगाया गया था, जिसमें कुल 517 विद्यार्थियों की आंखों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान 42 बच्चों की दृष्टि कमजोर पाई गई, जिन्हें अब उनकी जरूरत के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाले पावर चश्मे दिए गए।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने बताया कि संस्था का मकसद सिर्फ सड़कें बनाना नहीं, बल्कि उन पर चलने वाली अगली पीढ़ी का भविष्य भी सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि बेहतर दृष्टि के साथ बच्चे जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
इस दौरान अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।




