
जगदलपुर : कांग्रेस से प्रत्याशी घोषित होने पर जगदलपुर सामान्य सीट के प्रत्याशी रेखचंद जैन ने चर्चा में कहा कि धन बल पर जन बल की जीत होगी। बस्तर की अस्मिता से खेलने वाली भ्रष्टाचारी सरकार को इस चुनाव में जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ता उखाड़ फेंकेंगे। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 2019 में प्रधानमंत्री बनने का रास्ता प्रशस्त होगा।
ये खबर भी पढ़ें – जगदलपुर : भाजपा के पक्ष में रही जगदलपुर विस की तासीर
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में अप्रत्याशित रूप से चौथी बार सरकार बनाने का ख्वाब देख रहे भाजपा के जुमलेबाज नेताओं को जनता सबक सिखाएगी। हर वर्ग पिछले 15 साल के रमन सरकार के कार्यकाल से त्रस्त है। इसलिए लोगों का पूरा समर्थन कांग्रेस को मिलेगा। पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया यह मेरी नहीं, बल्कि जगदलपुर विधानसभा के समस्त मतदाताओं और कांग्रेसजनों पर भरोसा है। जिनके बल पर आज मैं कांग्रेस को मजबूती देने के लिए लड़ता रहा हूं। यह विश्वास दिलाता हूं कि हमेशा की तरह हरेक मतदाता के सुख दूख में निरंतर काम करता रहूंगा।