Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर पर एक और एफआईआर, डरा-धमकाकर वसूले 1.16 करोड़ रुपये

Another FIR against history-sheeter Rohit Tomar, he extorted Rs 1.16 crore by threatening people

रायपुर। हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर के खिलाफ एक और नया मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना में पीड़ित करण सोनी की शिकायत पर रोहित तोमर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि उसने रोहित से 10 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे वह पहले ही चुका चुका था। इसके बावजूद आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर 1 करोड़ 16 लाख रुपये वसूल लिए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रार्थी करण सोनी ने इस डर के कारण पहले शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हाल ही में जब पुलिस की कार्रवाई तेज हुई, तब उसने आगे आकर बयान दर्ज करवाया।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व भाठागांव स्थित ‘साई विला’ में पुलिस ने छापेमारी की थी। यह मकान करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र तोमर और उनके भाई रोहित तोमर का बताया गया है। छापे के दौरान वहां से लाखों रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, लक्जरी गाड़ियां, अवैध हथियार, नोट गिनने की मशीन और जमीनों के दस्तावेज जब्त किए गए थे।

पुलिस ने बताया कि तोमर बंधुओं पर हत्या, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, जबरन वसूली जैसे करीब 20 से अधिक संगीन अपराध पहले से दर्ज हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जिन लोगों को ब्याज पर पैसा देते थे, उनसे पहले से साइन करवा कर ब्लैंक चेक रख लेते थे। साई विला से कुल 30 ब्लैंक चेक बरामद हुए हैं, जो विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर हैं। पीड़ितों के बयान लेकर जबरन चेक रखवाने की शिकायतें भी दर्ज की जा रही हैं।

गौरतलब है कि पांच महीने पहले म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी के एक मामले में आरोपी कमल खट्टर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को रोहित तोमर के नाम पर दर्ज कई गाड़ियों की जानकारी मिली थी। इसके बाद 13 वाहन भी जब्त किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक अपराधों की दिशा में जांच को विस्तार दिया जा रहा है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।