Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

PM मोदी से मिलेंगे सीएम साय: बोले—नक्सल ऑपरेशन की प्रगति और विकास योजनाओं पर होगी चर्चा

CM Sai will meet PM Modi Said- Progress of Naxal operation and development plans will be discussed

रायपुर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली रवाना हो गए हैं। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। बीते 12 दिनों में यह दूसरी बार होगा जब मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से आमने-सामने बातचीत करेंगे।

दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा, “मैं दो दिनों के लिए दिल्ली प्रवास पर जा रहा हूं। प्रधानमंत्री से राज्य के विकास और प्रदेश में चल रहे नक्सल ऑपरेशन की जानकारी साझा करूंगा।”


केंद्र की योजनाओं का होगा रिव्यू, फंड की भी मांग संभव

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की इस मीटिंग में केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में संचालित योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री साय, राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए अतिरिक्त केंद्रीय फंड की मांग भी कर सकते हैं।

इससे पहले 24 मई को दिल्ली में हुई नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल बैठक में मुख्यमंत्री साय ने भाग लिया था। बैठक का विषय था—“विकसित राज्य से विकसित भारत @2047”।


75 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

बैठक में मुख्यमंत्री साय ने बताया था कि छत्तीसगढ़ ने 2047 तक राज्य को 75 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए राज्य सरकार “3T मॉडल” को आधार बना रही है—

  • Technology (तकनीक)
  • Transparency (पारदर्शिता)
  • Transformation (परिवर्तन)

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मॉडल से जनसेवाएं तेज, सरल और जवाबदेह हो रही हैं। ऑनलाइन सेवाओं और समयबद्ध प्रक्रिया से जनता का भरोसा बढ़ा है।


नक्सल ऑपरेशन पर मिलेगी अपडेट

मुख्यमंत्री साय, प्रधानमंत्री को बस्तर क्षेत्र में चल रहे नक्सल ऑपरेशन की प्रगति से अवगत कराएंगे। राज्य सरकार की प्राथमिकता में बस्तर को शांति, सुरक्षा और विकास के रास्ते पर लाना है। केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस के संयुक्त प्रयास से पिछले महीनों में कई बड़ी सफलताएं मिली हैं।