भोपाल के रास्ते मुंबई-दिल्ली के बीच राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा शुरू

भोपाल।
भोपाल के रास्ते मुंबई-दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) के बीच पहली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा शनिवार से शुरू हो जाएगी। इससे भोपाल से मुंबई जाने वाले यात्रियों को फ्लाइट के सफर से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा। फ्लाइट के किराए की तुलना में राजधानी का किराया भी काफी कम है। इससे यात्रियों की बचत भी होगी। यह ट्रेन भोपाल से मुंबई जाने के लिए प्रत्येक रविवार-गुरुवार रात 12.10 बजे व हजरत निजामुद्दीन जाने के लिए प्रत्येक रविवार-गुरुवार रात 2 बजे भोपाल से मिलेगी।
रेलमंत्री पीयूष गोयल शनिवार दोपहर 2.50 बजे मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जो रात 2 भोपाल पहुंचेगी। अभी कम समय में मुंबई जाने के लिए फ्लाइट ही एकमात्र सहारा थी। क्योंकि पुष्पक समेत अन्य ट्रेनें भोपाल से मुंबई सीएसएमटी पहुंचने में 13 से 16 घंटें लगाती थीं। अब राजधानी एक्सप्रेस 11.35 घंटे में पहुंचा देगी।
असल में अभी भोपाल से दिल्ली जाने के लिए तो शताब्दी, राजधानी और दुरंतों जैसी प्रीमियम ट्रेनें हैं। लेकिन भोपाल से मुंबई की तरफ जाने के लिए ये प्रीमियम ट्रेनें नहीं हैं। बता दें कि राजधानी एक्सप्रेस भोपाल से रात 12.20 बजे चलकर सुबह 11.55 बजे मुंबई सीएसटी पहुंचकर महज 11.35 घंटे में सफर पूरा करेगी। इसका फायदा यात्रियों को होगा। भोपाल से मुंबई जाते समय ट्रेन का किराया 2100 से लेकर 3200 (एसी-1 से एसी-3 श्रेणी का) तक होगा।
ये होगा फायदा
फ्लाइट का किराया बचेगा। भोपाल से मुंबई के लिए सुबह दो व शाम से लेकर रात तक दो फ्लाइट हैं। इनमें 4 हजार से लेकर 12 हजार रुपए किराया होता है। एक दिन में भोपाल से मुंबई के लिए 350 से 400 यात्री फ्लाइट से सफर करते हैं। राजधानी के चलने के बाद माना जा रहा है कि 50 फीसदी यात्री ट्रेन में सफर करने लगेंगे।
यदि मुंबई में दिनभर का काम हो तो ठहरने के नाम पर हजारों रुपए खर्च नहीं होंगे। यात्री भोपाल से रात में रवाना होंगे और सुबह मुंबई पहुंचने के बाद दिनभर काम निपटाकर दूसरी ट्रेनों से लौट सकते हैं। होटलों में रुकने का खर्च बचेगा।
यात्रियों को सहूलियत
राजधानी एक्सप्रेस के चलने से भोपाल से मुंबई जाने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी। क्योंकि अभी तक इस रूट में कोई राजधानी एक्सप्रेस नहीं थी। जबकि, भोपाल से दिल्ली की तरफ राजधानी व शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनें हैं।