कुनकुरी के किसानों को बड़ा तोहफा, ईब व्यपवर्तन योजना के जीर्णोद्धार को मिली मंजूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में एक और अहम फैसला लिया है। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड की ईब व्यपवर्तन योजना के मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के लिए 37 करोड़ 09 लाख 63 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
योजना पूर्ण होने के बाद 3323 हेक्टेयर के मुकाबले 1453 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में सुधार होगा। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के जीर्णोद्धार से सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
लंबे समय से किसान इस मरम्मत कार्य की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने पूरा कर दिया है। कुनकुरी क्षेत्र के किसानों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उनका कहना है कि योजना के पुनर्जीवन से खेती सशक्त होगी और अब उन्हें सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।



