गौरेला-पेंड्रा-बसंतपुर और गौरेला-वेंकटनगर मार्गों पर तेज़ी से चल रहा पेच रिपेयर कार्य

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की घोषणा के अनुसार गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के कारीआम-बसंतपुर मार्ग और गौरेला-वेंकटनगर मार्ग पर बी.टी. पेच रिपेयर का कार्य तेजी से जारी है। कारीआम-बसंतपुर मार्ग जिला मुख्यालय एवं बिलासपुर आवागमन का प्रमुख मार्ग है, वहीं गौरेला-वेंकटनगर मार्ग मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है।
लोक निर्माण विभाग पेंड्रा संभाग, पेंड्रारोड द्वारा इन मार्गों पर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि इन दोनों सड़कों पर यातायात घनत्व अधिक होने से मार्ग जर्जर हो गया था, जिसके कारण बार-बार डब्ल्यू.एम.एम. पेच से मरम्मत करनी पड़ती थी। वर्तमान में पूरी चौड़ाई में डब्ल्यू.एम.एम. 150 मिमी, बी.एम. 50 मिमी और एम.एस.एस. 20 मिमी मोटाई में पेच रिपेयर कार्य किया जा रहा है।
मार्गों के मरम्मत कार्य को 31 दिसम्बर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि मंत्री अरुण साव ने 10 अक्टूबर 2025 को घोषणा की थी कि वर्षा ऋतु के बाद सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के साथ तेज गति से पूरा किया जाएगा।




