धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण, किसानों से लिया जमीनी फीडबैक

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सल्का और बन्ना के धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्था, किसानों को उपलब्ध सुविधाएँ, तौल मशीनों और मापक उपकरणों से लेकर पूरी उपार्जन प्रक्रिया का बारीकी से आकलन किया।
केंद्रों में मौजूद किसानों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने उनकी जरूरतों और सुझावों के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि शासन की व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से चल रही हैं और उन्हें धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य, तुलाई की रफ्तार, बारदाना उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था पर भी विस्तृत फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज की पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित खरीदी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि खरीदी केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो।
निरीक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, किसानों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही।




