छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जल जीवन मिशन ने बदली भटपल्ली की तस्वीर, अब हर घर तक पहुंच रहा शुद्ध पेयजल

रायपुर। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना बीजापुर जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन को आसान बना रही है। भैरमगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत सोमनपल्ली के आश्रित गांव भटपल्ली में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या अब बीते दिनों की बात हो गई है। योजना के तहत गांव के हर घर तक नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचने लगा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पहले लोगों को पानी के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर गर्मी के मौसम में पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगती थीं और कई बार पर्याप्त पानी भी उपलब्ध नहीं हो पाता था। महिलाओं और बच्चों का काफी समय पानी लाने में खर्च हो जाता था।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में 10-10 किलोलीटर क्षमता की दो सोलर आधारित जल संरचनाएं स्थापित की गई हैं। इनसे गांव के 34 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन प्रदान किया गया है। अब सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल रहा है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं।

योजना के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए गांव के ही एक युवा को नल-जल मित्र के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसे आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि जल आपूर्ति व्यवस्था का संचालन स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से किया जा सके।

भटपल्ली की सफलता में सामुदायिक भागीदारी भी अहम रही है। ग्रामसभा के माध्यम से गांव को शत-प्रतिशत ‘हर घर जल’ गांव के रूप में प्रमाणित किया गया। ग्रामसभा में जल संरक्षण, जल आपूर्ति और रखरखाव जैसे विषयों पर चर्चा हुई तथा योजना के सतत संचालन के लिए प्रत्येक परिवार द्वारा 40 रुपये प्रतिमाह जलकर देने पर सहमति बनी।

ग्रामीण बोडाराम कारटम का कहना है कि पहले पानी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन अब घर में ही नल से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

भटपल्ली गांव की यह उपलब्धि जल जीवन मिशन के ‘हर घर जल’ लक्ष्य को साकार करने की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है। यह पहल न केवल ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करा रही है, बल्कि जल संरक्षण, जनभागीदारी और ग्रामीण विकास को भी नई दिशा दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button