ऑनलाइन टोकन सिस्टम से धान खरीदी बनी आसान, किसानों को मिली बड़ी राहत

रायपुर। ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने इस वर्ष धान खरीदी प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक सरल बना दिया है। किसान अब घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर पा रहे हैं, जिससे समिति पहुंचने पर तुरंत धान बेचने की सुविधा मिल रही है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र बरदर में ग्राम रामनगरकला के किसान मृणाल मंडल ने अपनी मेहनत से उपजे 166 बोरियों धान को बेचा। उन्होंने बताया कि केंद्र पर सुव्यवस्थित व्यवस्था, सहज प्रक्रिया और त्वरित खरीदी ने उन्हें पूरी तरह संतुष्ट किया।
मंडल के अनुसार, प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान खरीदी का प्रावधान किसानों के लिए बड़ी राहत है और इससे उन्हें मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। समय पर समिति पहुंचने और बिना किसी प्रतीक्षा के खरीदी हो जाने को उन्होंने बेहद सुखद अनुभव बताया।
मंडल ने कहा कि इस बार की राशि से परिवार की जरूरतें पूरी होंगी और अगली फसल की तैयारी भी सुगम होगी। साथ ही, उन्होंने धान खरीदी को सरल बनाने वाली व्यवस्था के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।


