मुस्कान हॉकी कप में जोश का जश्न: बोड़ला को हॉकी हब बनाने का संकल्प

रायपुर। नगर पंचायत बोड़ला में आयोजित चार दिवसीय मुस्कान हॉकी कप राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा दिया। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों से उन्होंने परिचय किया और उनकी खेल भावना, अनुशासन व शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
इस मौके पर बोड़ला की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ममतेश्वरी लहरे, राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिशा साहू, कोच चौहान सहित अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने समर्पण और मेहनत से जिले, प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विकास के जरिए बोड़ला को एक सशक्त हॉकी केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला की बेटियां हॉकी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो कबीरधाम जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। ऐसी राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि नगर पंचायत बोड़ला में मिनी स्टेडियम का निर्माण हो चुका है और खिलाड़ियों व नागरिकों से अतिरिक्त सुविधाओं को लेकर सुझाव मांगे गए हैं, ताकि प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए बेहतर माहौल बन सके। साथ ही, जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं और शीघ्र ही बोड़ला के स्कूलों में भी स्मार्ट क्लास शुरू की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला हॉकी सहित अन्य खेलों की प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है। यहां सैकड़ों खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं और कई का चयन भारतीय टीम तक हो चुका है। मुस्कान हॉकी कप जैसी प्रतियोगिताओं ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और लक्ष्यबद्धता का संचार किया है।



