रोहित–कोहली के बिना भी टी-20 का खुमार, नवा रायपुर में भारत–न्यूजीलैंड मैच से पहले 40 हजार टिकट बुक

राजधानी नवा रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच के लिए तैयार है। 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस मैच में स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली रायपुर नहीं आ रहे हैं, इसके बावजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर है। हालात यह हैं कि मैच से चार दिन पहले ही करीब 40 हजार टिकटें बुक हो चुकी हैं।
यह नवा रायपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाला दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। इससे पहले 3 दिसंबर को खेले गए वनडे मैच में भी टिकट बिक्री का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला था।
इस बार टी-20 मुकाबले के लिए टिकट की अलग-अलग श्रेणियां तय की गई
हैं।
टिकट दरें इस प्रकार हैं—
सिल्वर टिकट 7,500 रुपये,
गोल्ड टिकट 10,000 रुपये,
प्लैटिनम टिकट 12,500 रुपये
और कॉरपोरेट बॉक्स टिकट 25,000 रुपये रखी गई है।
बताया गया कि यह कीमतें पहले खेले गए वनडे मुकाबले की तुलना में काफी अधिक हैं। वनडे मैच के दौरान बॉक्स टिकट करीब 20 हजार रुपये और सिल्वर टिकट लगभग 6 हजार रुपये में उपलब्ध था। इसके बावजूद टी-20 मैच के टिकट तेजी से बिकना दर्शकों की दीवानगी को साफ दिखाता है।
22 जनवरी से खिलाड़ियों का रायपुर आगमन
भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों के खिलाड़ियों का रायपुर पहुंचना 22 जनवरी से शुरू होगा। जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी की शाम एक टीम और 23 जनवरी की सुबह दूसरी टीम प्रैक्टिस सत्र कर सकती है। इससे पहले वनडे मैच के दौरान ऑनलाइन टिकट पोर्टल खुलते ही टिकट सोल्ड आउट हो गए थे और ब्लैक मार्केट में दाम कई गुना बढ़ गए थे।
रोहित–कोहली के बिना भी बना माहौल
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया और विजय शाह का कहना है कि भले ही रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन दर्शकों के उत्साह में कोई खास कमी नहीं दिख रही है। उन्होंने बताया कि इस बार पहले से टेस्ट सीजन चल रहा है और हाल ही में वनडे मैच भी हो चुका है, इसलिए टिकट बिक्री का पैटर्न अलग रहा।
इसके साथ ही मार्च महीने में विराट कोहली की टीम के आईपीएल के दो मैच राजधानी में होने हैं, जिसका इंतजार भी दर्शक कर रहे हैं।
सीट नंबरिंग फिलहाल रोकी गई
स्टेडियम में सीट विवाद से बचने के लिए कुर्सियों पर नंबरिंग का काम शुरू किया गया था, लेकिन समय की कमी के कारण इसे फिलहाल रोक दिया गया है। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। ऐसे में पहले पहुंचने वाले दर्शकों को मनचाही सीट मिलने की संभावना रहेगी, जबकि बाद में आने वालों को उपलब्ध सीटों पर बैठाया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन सतर्क
मैच को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के साथ बैठक कर सुरक्षा, सुविधाओं और एसओपी के सख्त पालन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आग और आपदा प्रबंधन, मेडिकल सुविधाएं, सभी गेटों पर वॉलंटियर की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया है। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।




