देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

ट्रंप के 70 दावों से गरमाई दिल्ली की सियासत, मोदी की चुप्पी पर कांग्रेस का तीखा वार

भारत–पाकिस्तान तनाव खत्म कराने का श्रेय बार-बार लेने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों ने भारतीय राजनीति में भूचाल ला दिया है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनके ‘अच्छे मित्र’ ट्रंप अब तक 70 बार यह दावा कर चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को सवालों के घेरे में रखा। उन्होंने लिखा कि ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि 10 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अचानक रुकने के पीछे उनकी भूमिका थी। जयराम रमेश के मुताबिक, ट्रंप के ताजा बयान के बाद यह संख्या 70 तक पहुंच गई है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

व्हाइट हाउस में दिए बयान में ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने महज 10 महीनों में आठ ऐसे युद्ध खत्म कराए, जो कभी समाप्त नहीं होने वाले थे। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए कथित सैन्य नुकसान और व्यापारिक समझौते के जरिए तनाव सुलझाने की बात भी कही। हालांकि, भारत सरकार का रुख इससे अलग है। भारत का कहना है कि सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला पाकिस्तान के डीजीएमओ से संपर्क के बाद लिया गया था, न कि किसी बाहरी दबाव में।

विपक्ष का आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के इन “तथ्यहीन” बयानों पर चुप रहकर देश के सैन्य सम्मान से समझौता कर रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री साफ करें—क्या वाकई अमेरिका ने भारत पर किसी तरह का व्यापारिक या कूटनीतिक दबाव डाला था?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button