छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

18.38 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, भटगांव में सड़कों और अधोसंरचना का होगा विस्तार

रायपुर। प्रदेश में संतुलित और समावेशी विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार अधोसंरचना को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में लगभग 18.38 करोड़ रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शुभारंभ किया।

ग्राम शिवनंदनपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 3.41 करोड़ रुपए की लागत से नकना तालाब घाट निर्माण, फुटपाथ, अटल परिसर, आरसीसी नाली और बीटी रोड निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। इन परियोजनाओं से ग्राम स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के तहत करीब 14.97 करोड़ रुपए की लागत से दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भी शुभारंभ हुआ। इसमें भटगांव से अनरोखा मार्ग (6 किमी) के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए 878.50 लाख रुपए तथा पकनी से चेन्द्रा मार्ग (5.60 किमी) के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए 618.63 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इन सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button