छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जिला अस्पताल बलौदा बाजार में नई सर्जिकल सुविधा शुरू, 16 जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक निःशुल्क संपन्न

रायपुर। जिला अस्पताल बलौदा बाजार में जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कादिर बेग की पदस्थापना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है। अब अस्पताल में हर्निया, हाइड्रोसिल, बवासीर, फिमोसिस, सेलुलाइटिस, ब्रेस्ट एब्सेस, फाइब्रोएडेनोमा, लिम्फोमा और सिबेशियस सिस्ट जैसी जटिल बीमारियों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है। इससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम हुई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के अनुसार सभी ऑपरेशन निःशुल्क किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड का लाभ भी दिया जा रहा है। भर्ती मरीजों के लिए भोजन और नाश्ते की व्यवस्था भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा की जाती है।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीजों की स्थिति के अनुसार कुछ दिन अस्पताल में भर्ती रखा जाता है और स्वास्थ्य में सुधार होने पर छुट्टी दे दी जाती है। अब तक 16 जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं।

भाटापारा निवासी 45 वर्षीय अनिता, जिनका सेलुलाइटिस का ऑपरेशन किया गया, उनके परिजनों ने बताया कि उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर किया गया था। जिला अस्पताल में सफल ऑपरेशन के बाद एक सप्ताह तक भर्ती रखा गया और आयुष्मान कार्ड से पूरा उपचार निःशुल्क हुआ। वर्तमान में उनकी स्थिति बेहतर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button