छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ग्राम बम्हनी में लोधी समाज को मिलेगा अपना सामुदायिक भवन, 20 लाख की सौगात के साथ डिजिटल सुविधाओं का विस्तार

रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम बम्हनी में लोधी समाज के लिए 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमि पूजन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। लंबे समय से समाज के लोगों को सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए एक उपयुक्त स्थान की आवश्यकता थी, जिसे अब इस नए भवन के निर्माण से पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि यह भवन समाज के सामूहिक कार्यक्रमों, बैठकों, शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने सभी से अपील की कि भवन का उपयोग आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ किया जाए, ताकि पूरे गांव को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

इस अवसर पर ग्राम बम्हनी में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि नई सरकार बनने के बाद प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम बम्हनी में पिछले दो वर्षों में 113 आवास स्वीकृत हुए, जिनमें से 84 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। महिलाओं की बैठकों और गतिविधियों के लिए गांव में महतारी सदन का निर्माण भी कराया गया है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है।

उप मुख्यमंत्री ने सहकारिता को रोजगार और ग्रामीण विकास का मजबूत माध्यम बताते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और कृषि जैसे क्षेत्रों में सहकारी मॉडल से आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि कवर्धा क्षेत्र के पशुपालकों और महिलाओं ने गुजरात के बनासकांठा जिले की डेयरी व्यवस्था का अध्ययन किया है, जिससे स्थानीय स्तर पर भी ऐसे मॉडल लागू करने की प्रेरणा मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button