छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का एआई दमदार प्रदर्शन, नवा रायपुर का 1000 करोड़ का डाटा सेंटर पार्क बना चर्चा का केंद्र

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान छत्तीसगढ़ द्वारा लगाया गया स्टॉल देश-विदेश से आए निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बन गया है। “छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस” थीम पर आधारित इस स्टॉल में राज्य की तेजी से विकसित हो रही एआई क्षमताओं, डिजिटल अधोसंरचना और निवेश अवसरों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। डिजिटल डिस्प्ले, इंटरैक्टिव प्रेजेंटेशन और विस्तृत सूचना पैनलों के जरिए छत्तीसगढ़ को उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया गया है।

स्टॉल में विशेष फोकस नवा रायपुर में प्रस्तावित देश के पहले एआई डाटा सेंटर पार्क पर है। करीब 1000 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना में एक लाख तक जीपीयू स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। यह पहल एआई आधारित सेवाओं, हाई-परफॉर्मेंस डाटा प्रोसेसिंग और डिजिटल इनोवेशन को नई रफ्तार देगी, जिससे छत्तीसगढ़ भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था में मजबूत भागीदारी निभा सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि समिट में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी और स्टॉल को मिल रहा सकारात्मक प्रतिसाद राज्य के लिए गर्व का विषय है। उनका कहना है कि एआई डाटा सेंटर पार्क के माध्यम से प्रदेश को उच्च तकनीकी निवेश और डिजिटल नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन, अनुदान और निवेश-अनुकूल वातावरण की जानकारी भी निवेशकों को दी जा रही है। निर्बाध बिजली आपूर्ति, विकसित होता स्मार्ट सिटी मॉडल और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

समिट के दौरान कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने एआई व डाटा सेंटर सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर रुचि दिखाई। यह सहभागिता छत्तीसगढ़ को उभरते टेक्नोलॉजी और इनोवेशन इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button