22 मार्च को दौड़ेगा बस्तर — हेरिटेज मैराथन से फिटनेस और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। बस्तर में खेल और स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा देने के उद्देश्य से 22 मार्च को बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन किया जाएगा। चित्रकोट महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने मैराथन के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
कलेक्टर बस्तर के अनुसार मैराथन में 5 किमी, 10 किमी, 21 किमी और 42 किमी की दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी। 21 किमी की दौड़ चित्रकोट जलप्रपात से शुरू होकर कुरुषपाल तक जाएगी और पुनः चित्रकोट में समाप्त होगी। 5 किमी की दौड़ चित्रकोट से मारडूम चौक तक, जबकि 10 किमी की दौड़ एसटीएफ कैंप से शुरू होकर वापस चित्रकोट तक आयोजित की जाएगी।
अपने संबोधन में केदार कश्यप ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



