बीजापुर के गुदमा गांव के अंकित सकनी ने UPSC में बनाई पहचान, 816वीं रैंक हासिल

रायपुर । बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड स्थित छोटे से गांव गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर परिवार, गांव और पूरे बस्तर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से अंकित सकनी और उनके माता-पिता से बातचीत कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अंकित की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और मजबूत संकल्प के दम पर यह साबित किया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास लगातार किए जाएं तो सफलता जरूर मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाने वाली UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करना गर्व और प्रेरणा की बात है। यह उपलब्धि बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए भी सकारात्मक संदेश है कि वे भी बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं।



