छत्तीसगढ़ में निवेश और सहयोग पर चर्चा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान दूतावास के मंत्री आबे नोरिआकि की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग और विकास की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने आबे नोरिआकि का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में मजबूत आधारभूत ढांचा, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है, जो देश-विदेश के निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर विधायक किरण देव और विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे।




