भिलाई में हुई आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ की प्रांतीय आमसभा, गजेंद्र कुमार साहू निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ की प्रांतीय आमसभा 22 मार्च 2026 को शासकीय आईटीआई भिलाई में आयोजित हुई। इस आमसभा में प्रांताध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। प्रांताध्यक्ष पद के लिए केवल गजेंद्र कुमार साहू का नामांकन प्राप्त हुआ, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष गजेंद्र साहू ने आमसभा के दौरान ही प्रांतीय कार्यकारिणी के गठन की घोषणा भी की। चुनाव प्रक्रिया के लिए किशोर शर्मा, जिला अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ बिलासपुर, को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया था। उनके मार्गदर्शन में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इसके लिए संघ की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं पवन शर्मा, जी.आर. चंद्रा, संतोष कुमार वर्मा, विजय लहरे, हिमाचल साहू और पीतांबर पटेल सहित कई प्रमुख पदाधिकारी विशिष्ट उपस्थिति में शामिल हुए।
सभा में संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार साहू, महासचिव गोविंद देवांगन, कोषाध्यक्ष जागृति दीवान, मीडिया प्रभारी नमिता निषाद तथा बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में दुर्ग संभाग के संभाग अध्यक्ष केवल राम वर्मा, हितेंद्र कुमार साहू, चंद्रकांत साहू और संघ की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



