ISSF वर्ल्ड कप में भारत की बेटियों का जलवा, ईशा सिंह ने जीता गोल्ड, मनु भाकर ने दिलाया ब्रॉन्ज

चीन के हांगझोउ में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप की महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया। ईशा सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में एक और सफलता जोड़ दी।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और कठिन मेहनत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
ओपी चौधरी ने कहा कि ईशा सिंह और मनु भाकर की उपलब्धि देश की युवा बेटियों के लिए प्रेरणा है। उनका आत्मविश्वास, समर्पण और लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत के दम पर विश्व स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन देश में खेल प्रतिभाओं के विकास और बढ़ती क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने दोनों निशानेबाजों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।




