तेंदुए की खाल तस्करी का भंडाफोड़: वन विभाग की कार्रवाई में 9 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राज्य में वन्यजीव संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। 19 मार्च 2026 को केशकाल वनमंडल और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल की तस्करी में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अरुण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। एक कर्मचारी को खरीदार बनाकर तस्करों से संपर्क कराया गया। जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल और एक वाहन में तेंदुए की खाल लेकर रसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर ग्राम बैलगांव पहुंचे, टीम ने घेराबंदी कर 7 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तेंदुए का शिकार करीब 7 महीने पहले अवैध भरमार बंदूक से किया गया था।
आरोपियों की निशानदेही पर मुख्य आरोपी को अगले दिन नारायणपुर जिले के बोरावण्ड गांव से गिरफ्तार किया गया। साथ ही शिकार में इस्तेमाल की गई बंदूक भी जब्त की गई। बरामद तेंदुए की खाल 195 सेंटीमीटर लंबी और 45 सेंटीमीटर चौड़ी पाई गई। वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम के निर्देशन में सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग ने साफ कहा है कि वन्यजीव शिकार और अवैध व्यापार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




