रायपुर में गूंजा देशभक्ति का रंग, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब साढ़े 800 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के बीच हुई स्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग दूसरे और मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।
सरगुजा संभाग के 286 छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान’ जैसे रिमिक्स गीतों पर देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने वंदे मातरम के 150 वर्षों की तपस्या, मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम और युवा शक्ति से नई ऊंचाइयां छूते भारत की तस्वीर को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया।
दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने ‘सजता, संवरता, निखरता ये देश’ गीत पर मनमोहक नृत्य पेश किया। प्रस्तुति में अलग-अलग अवसरों पर होने वाले नृत्यों की सुंदर झलक दिखाई गई। बच्चों ने कदमों की लय और ऊर्जा के जरिए राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।
रायपुर संभाग के 280 बच्चों ने ‘संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े’ फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने नृत्य और गीत के माध्यम से सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जीवंत कर दिया।




