छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात! ‘प्रगति-50’ में रायपुर-बिलासपुर की एंट्री, देश के 50 शहरों में बनी जगह

भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की महत्वाकांक्षी ‘प्रगति-50’ (PRAGATI-50) योजना में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर को शामिल किया गया है। देश के चुनिंदा 50 शहरों में राज्य के दो शहरों को जगह मिलने से नगरीय विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है।
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में चयनित राज्यों के नगरीय विकास विभागों, शहरी स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू नई दिल्ली से जुड़े, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव राजनांदगांव से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर और बिलासपुर के ‘प्रगति-50’ में शामिल होने पर दोनों नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों और शहरवासियों को बधाई दी।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई 51वीं ‘प्रगति’ बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद शुरू की गई है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत चयनित शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
‘प्रगति-50’ के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण और प्रसंस्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं तथा शहरों की साफ-सफाई को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। इसके साथ ही उपयोग किए गए जल के उपचार, पुन: उपयोग और उचित प्रबंधन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
चयनित शहरों को केंद्र सरकार की ओर से तकनीकी सहयोग, मार्गदर्शन और निगरानी मिलेगी। निर्धारित संकेतकों के आधार पर शहरों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
राज्य सरकार के अनुसार रायपुर और बिलासपुर का चयन नगरीय निकायों की सक्रिय भूमिका, स्वच्छता मित्रों की मेहनत और नागरिकों की भागीदारी का परिणाम है। दोनों शहरों में होने वाले नवाचार और बेहतर कार्य-पद्धतियां आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के दूसरे नगरीय निकायों के लिए भी मॉडल बन सकती हैं।




