छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

अंबिकापुर में महिला आयोग की बड़ी जनसुनवाई, 25 मामलों पर हुई सुनवाई

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने मंगलवार को अंबिकापुर में सरगुजा संभाग स्तरीय जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की। आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में सरगुजा संभाग के छह जिलों से जुड़े कुल 25 प्रकरणों पर सुनवाई हुई। इनमें से छह मामलों को नस्तीबद्ध कर दिया गया।

यह संभाग स्तर पर आयोग की पहली और प्रदेश स्तर पर नौवीं जनसुनवाई रही। इसमें सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों से संबंधित मामलों को सुना गया। संभाग प्रभारी लक्ष्मी शुक्ला भी जनसुनवाई में मौजूद रहीं।

सुनवाई के दौरान मानसिक प्रताड़ना से जुड़े एक मामले में आयोग ने कलेक्टर को जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं कार्यस्थल पर प्रताड़ना से संबंधित एक अन्य मामले की जांच की जिम्मेदारी सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को दी गई।

घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े अन्य मामलों में संबंधित संरक्षण अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि मामलों में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जनसुनवाई के जरिए महिला आयोग महिलाओं की शिकायतों को सीधे सुनने और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button