छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी सौगात, केंद्र से मिले 181.99 करोड़ रुपये

राष्ट्रीय कृषि मंत्रियों के सम्मेलन ‘रबी अभियान 2026’ के दौरान छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। 28 और 29 सितंबर को आयोजित सम्मेलन के दौरान हुई इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र और किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना के तहत कुल 181.99 करोड़ रुपये की द्वितीय मद की राशि जारी की गई है। इस राशि में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के लिए 91.20 करोड़ रुपये और कृषि उन्नति योजना के तहत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं।

केंद्र सरकार की ओर से जारी राशि से प्रदेश में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने और कृषि गतिविधियों को मजबूत करने में भी इस राशि का उपयोग किया जाएगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और राज्यों के साथ समन्वय बनाकर कृषि विकास को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ सरकार प्राप्त राशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग करते हुए इसका अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाएगी।

रामविचार नेताम ने छत्तीसगढ़ के कृषि विकास और किसानों के हित में राशि जारी किए जाने पर केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई गति मिल रही है। प्राप्त राशि का इस्तेमाल कृषि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button