छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अटल मेडिकल कॉलेज में विधानसभा अध्यक्ष ने लगाया मौलश्री का पौधा

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव प्रवास के दौरान भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में मौलश्री का पौधा लगाया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पंचतत्वों के संतुलन को मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी बताया।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पंचतत्वों से ही सृष्टि और मानव जीवन संचालित होता है। प्रकृति हमें जीवनदायिनी संसाधन निःशुल्क उपलब्ध कराती है। कोरोना काल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस संकट के दौरान सभी ने ऑक्सीजन का वास्तविक महत्व समझा। इसलिए भावी पीढ़ी और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना आवश्यक है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और भावी चिकित्सकों से प्रकृति संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने आम, जामुन, पीपल, बरगद और आंवला जैसे उपयोगी पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखरेख करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए बताया कि राजनांदगांव में इस वर्ष करीब 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें आगामी फिजियोथेरेपी सेंटर परिसर में लगाए जाने वाले 200 पौधे भी शामिल हैं। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम और वन विभाग के माध्यम से पौधे प्राप्त कर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, जनप्रतिनिधिगण, आईजी अजय कुमार यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, मेडिकल कॉलेज के डीन पंकज लुका सहित चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button