छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

दंतेवाड़ा में पुनर्वास की नई तस्वीर: युवाओं को टूल किट, ड्राइविंग ट्रेनिंग और रोजगार की राह दिखी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में गुरुवार को पुनर्वास की दिशा में एक अहम पहल देखने को मिली, जहां उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुनर्वास केंद्र का दौरा कर युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को इलेक्ट्रिकल टूल किट और वेलकम किट वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया।

नवरात्रि के अंतिम दिन दंतेवाड़ा पहुंचे विजय शर्मा ने पहले माँ दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से बातचीत की और उनकी जरूरतों व भविष्य की योजनाओं को जाना। कई युवाओं ने खेती-किसानी में लौटने की इच्छा जताई, जिस पर उन्होंने कृषि प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि पुनर्वास नीति का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन देना है। साथ ही युवाओं से अपील की गई कि वे अन्य साथियों को भी इस पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

केंद्र में चल रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने भोजन, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। युवाओं की इच्छा पर उन्हें खुद भोजन बनाने की अनुमति भी दी गई। साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी युवाओं को ड्राइविंग ट्रेनिंग दी जाए और केंद्र छोड़ने से पहले उनके ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए जाएं।

वर्तमान में केंद्र में 107 युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिनमें बीजापुर और दंतेवाड़ा के युवा शामिल हैं। यहां इलेक्ट्रिकल, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सिलाई और ड्राइविंग जैसे कौशल सिखाए जा रहे हैं। अब तक कई युवाओं को रोजगार भी मिल चुका है।

दौरे के दौरान विजय शर्मा ने सीआरपीएफ जवानों से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर में अब हालात बदल रहे हैं और यहां के पर्यटन स्थलों तक लोगों की पहुंच आसान हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button