संग्रहालय में आग और आपदा से निपटने की ट्रेनिंग: अधिकारियों ने सीखी ‘रियल टाइम’ रेस्क्यू स्किल्स

रायपुर। नवा रायपुर के अटल नगर स्थित सेक्टर-24 परिसर में बने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय और जनजातीय संग्रहालय में इस बार सुरक्षा को लेकर खास पहल की गई। आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरटीआई) के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान की संचालक हिना अमिनेष नेताम समेत सभी अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन होमगार्ड, सिविल डिफेंस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और एसडीआरएफ के सहयोग से किया गया।
एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया पर तकनीकी और व्यवहारिक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान आग जैसी आपदाओं से निपटने के तरीके, बचाव तकनीक और त्वरित एक्शन प्लान को विस्तार से समझाया गया। टीम का नेतृत्व पुष्पराज सिंह ने किया, जबकि दीपक कौशिक और राकेश भोयर ने सहायक भूमिका निभाई।
खास बात यह रही कि प्रशिक्षण सिर्फ थ्योरी तक सीमित नहीं रहा। खुले परिसर में लाइव डेमो के जरिए आग से बचाव और रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रैक्टिस कराई गई। इसमें संस्थान के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि वहां मौजूद आगंतुकों और विद्यार्थियों ने भी हैंड्स-ऑन अनुभव लिया।
संचालक हिना अमिनेष नेताम के अनुसार, यह प्रशिक्षण न केवल कार्यस्थल की सुरक्षा के लिए बल्कि व्यक्तिगत और पारिवारिक सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद उपयोगी साबित हुआ। उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम, खासकर आपातकालीन स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर, आयोजित किए जाएंगे।




