छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगा नया बूस्ट, केंद्रीय मंत्री की मुलाकात में बड़े संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा, भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव और खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने खडसे का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उन्हें शॉल, बस्तर कला से तैयार विशेष प्रतिकृति और बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट की।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच, संसाधन और अवसर देने की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल और सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

हाल ही में आयोजित बस्तर और सरगुजा ओलंपिक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन आयोजनों ने प्रदेश को नई पहचान दी है और कई छिपी प्रतिभाएं सामने आई हैं। सरकार इन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व की बात है, जो आदिवासी युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास पैदा करेगी। बस्तर में शांति और मुख्यधारा से जुड़ाव के चलते आने वाले समय में खेलों में भागीदारी और बढ़ने की उम्मीद जताई गई।

मुख्यमंत्री ने ‘बस्तर पंडुम’ का जिक्र करते हुए बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक खेल, कला और संस्कृति की 12 विधाओं में करीब 54 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो प्रदेश की समृद्ध विरासत को दर्शाता है।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। जगदलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने आदिवासी सशक्तिकरण और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button