छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सूरजपुर को मिली 9 नई ‘108 संजीवनी एक्सप्रेस’ एम्बुलेंस, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी त्वरित स्वास्थ्य सेवा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले को 9 अत्याधुनिक ‘108 संजीवनी एक्सप्रेस’ एम्बुलेंस की सौगात दी। जिला चिकित्सालय सूरजपुर परिसर से इन एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह नई सेवा अब दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों तक आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को तेज़ और सुलभ बनाएगी। इस मौके पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि सूरजपुर की बेटी होने के नाते यह उनके लिए गर्व का अवसर है कि वे अपने जिले को जीवनरक्षक सुविधा समर्पित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ये एम्बुलेंस केवल वाहन नहीं, बल्कि आपात स्थिति में जीवन बचाने की अहम कड़ी हैं, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए।

सरकार का फोकस ‘गोल्डन ऑवर’ में त्वरित उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सके। साथ ही एम्बुलेंस सेवाओं के संचालन में सुधार के लिए एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल और प्रतिक्रिया समय को और कम करने पर भी जोर दिया जाएगा।

जिले में मिली 9 एम्बुलेंसों में से 2 को जिला अस्पताल में स्थायी रूप से तैनात किया गया है, जबकि बाकी एम्बुलेंसों को विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रणनीतिक रूप से भेजा गया है, जिससे हर क्षेत्र तक तेजी से चिकित्सा सहायता पहुंच सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button