छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर में ट्रैफिक को राहत! 360 करोड़ से बनेंगे 4 नए फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी मुक्ति

रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की शुरुआत होने जा रही है। इस साल शहर में चार अहम फ्लाईओवर और ओवरपास के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिनके लिए कुल 360 करोड़ 35 लाख 93 हजार रुपए की मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात को तेज, सुगम और व्यवस्थित बनाना है।

सबसे बड़ा प्रोजेक्ट जी.ई. रोड पर गुरु तेज बहादुर उद्यान से तेलीबांधा के नेताजी सुभाष चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर है, जिस पर 172 करोड़ 86 लाख 28 हजार रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा रिंग रोड-2 के सोनडोंगरी चौक पर 43 करोड़ 89 लाख 17 हजार रुपए की लागत से ओवरपास बनाया जाएगा।

वीआईपी रोड के फुंडहर चौक पर भी यातायात दबाव को देखते हुए 56 करोड़ 7 लाख 35 हजार रुपए की लागत से ओवरपास का निर्माण होगा। वहीं अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में 87 करोड़ 53 लाख 13 हजार रुपए से ग्रेड सेपरेटर तैयार किया जाएगा।

इन सभी परियोजनाओं के पूरे होने के बाद रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से इन फ्लाईओवर्स की मांग कर रहे शहरवासियों को अब बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button