छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सरकार आपके द्वार: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में लगे ‘सेवा सेतु’ शिविर, मौके पर ही मिले राशन, पट्टे और लाइसेंस

जन-जन तक सरकारी योजनाओं का फायदा पहुंचाने के इरादे से मंगलवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के तीनों ब्लॉकों में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत शिविरों का आयोजन किया गया। पेंड्रा के कोटमीकला, गौरेला के अंधियारखोह और मरवाही के गुदुमदेवरी में सजे इन शिविरों में न सिर्फ ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की बारीक जानकारी दी गई, बल्कि पात्र लोगों को हाथों-हाथ लाभ भी थमाया गया।

गुदुमदेवरी के हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने अलग-अलग विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक यह ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। विधायक मरपच्ची ने किसानों से खास अपील करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने और योजनाओं का पूरा फायदा उठाने के लिए ‘एग्रीस्टैक पोर्टल’ पर पंजीयन जरूर कराएं।

शिविर में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने लोगों को ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की सहूलियतों से रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि जिले में 500 से ज्यादा परिवार इसका फायदा उठा चुके हैं। छत पर सोलर पैनल लगाकर लोग न केवल अपना बिजली बिल शून्य कर सकते हैं, बल्कि बची हुई बिजली ग्रिड को बेचकर कमाई भी कर सकते हैं।

एक ही जगह पर मिली सौगातों की बौछार:

  • आवास और जमीन: पीएम आवास योजना के 5 हितग्राहियों को मकान की चाबियां सौंपी गईं और स्वामित्व योजना के तहत 14 लोगों को आबादी पट्टे मिले।
  • पहचान और दस्तावेज: 7 लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस, 7 को वोटर ID और 4 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण-पत्र बांटे गए।
  • स्वास्थ्य व सम्मान: 10 जरूरतमंदों को चश्मे व छड़ियां दी गईं, जबकि बेहतर काम के लिए 11 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान हुआ।
  • पोषण का संदेश: महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और 5 नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।

स्वास्थ्य, श्रम, बिजली और महिला-बाल विकास समेत कई विभागों ने एक ही छत के नीचे सेवाएं देकर ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात दिलाई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे और जिला पंचायत सदस्य बुंद कुंवर मास्को सहित तमाम जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button