छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सिलाई के हुनर से बदली जिंदगी, बिहान समूह के सहारे हुस्ना बनीं लखपति दीदी

महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चल रही पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव की नई कहानी लिख रही है। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम दतिमा की हुस्ना परवीन ने अपने सिलाई के हुनर को स्वरोजगार का जरिया बनाया और मेहनत व बिहान समूह से मिले सहयोग के दम पर अपने कारोबार को आगे बढ़ाया।

हुस्ना पहले सिलाई का काम करती थीं। सीमित आमदनी के कारण परिवार का खर्च चलाने के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। वह अपने काम का विस्तार करना चाहती थीं, लेकिन पूंजी की कमी आड़े आ रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत स्व-सहायता समूह से जुड़ने का अवसर मिला।

समूह से जुड़ने के बाद हुस्ना ने 30 हजार रुपये का ऋण लेकर मैचिंग सेंटर शुरू किया। कारोबार आगे बढ़ने के साथ उनके अनुभव और आत्मविश्वास में भी इजाफा हुआ। इसके बाद उन्होंने कपड़ों का व्यवसाय भी शुरू कर दिया। सिलाई के हुनर और आर्थिक सहयोग के मेल से उनकी आजीविका का दायरा लगातार बढ़ता गया।

आज हुस्ना अपने व्यवसाय से अच्छी आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में योगदान दे रही हैं। वह अपने बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाने में सक्षम हैं। उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता ने उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनने की राह पर पहुंचाया है।

हुस्ना ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बिहान समूह से जुड़ने और शासन की योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। आज वह अपने हुनर और मेहनत के दम पर परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button