5.36 करोड़ की सड़क परियोजना का शुभारंभ, किसानों और गांवों को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर। कबीरधाम जिले में ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए बिलासपुर मार्ग से दौजरी होते हुए नाऊडिह तक 4.20 किलोमीटर लंबी सड़क के मजबूतीकरण और निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। ग्राम नाऊडिह में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने करीब 5 करोड़ 36 लाख 58 हजार रुपए की लागत वाली इस सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
यह मार्ग क्षेत्र के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो रबेली-प्रतापपुर मुख्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से जोड़ता है। लंबे समय से खराब हालत के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क बनने से अब किसानों को भोरमदेव शक्कर कारखाना तक अपनी फसल पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी लागत कम होगी और आय में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को ऋण पुस्तिका वितरित की गई और खेल मैदान निर्माण की घोषणा भी की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसमें सड़क, आवास, महिला सशक्तिकरण और किसान हित प्रमुख हैं।
उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि महिलाओं को हर माह 1 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क निर्माण से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होगी, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।



