भाटापारा-दामाखेड़ा में खाद्य सुरक्षा की सख्ती: गंदगी और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई

रायपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने भाटापारा और दामाखेड़ा इलाके में विशेष जांच अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों की पड़ताल की। दामाखेड़ा स्थित साहू होटल एवं स्वीट्स में खाद्य सामग्री को बिना ढंके रखने और फ्रिज में गंदगी मिलने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया। इस लापरवाही के चलते खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किया गया।
वहीं भाटापारा में आयुष डेयरी और पटेल डेयरी (दतरेंगी) का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पटेल डेयरी से मलाई क्रीम का सैंपल लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
इसके अलावा, पहले लिए गए नमूनों की जांच में अविनाश पोहा इंडस्ट्रीज और शीतल इंडस्ट्रीज के पैक्ड उत्पादों में पोषण संबंधी जानकारी अधूरी पाई गई। इस वजह से इन उत्पादों को मिथ्याछाप घोषित किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फूड लेबलिंग एवं डिस्प्ले नियम 2020 के तहत सभी पैक्ड खाद्य उत्पादों पर पूरी पोषण जानकारी देना अनिवार्य है।




