सुशासन तिहार में सीएम का गांव दौरा: चंदागढ़ में जनचौपाल, विकास की घोषणाओं से बदली तस्वीर

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के दूरस्थ वनांचल ग्राम चंदागढ़ पहुंचकर जनकेंद्रित शासन की मजबूत झलक दिखाई। हेलीकॉप्टर के उतरते ही ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बन गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री पत्थलगांव विकासखंड के भैंसामुड़ा गांव पहुंचे, जहां बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। गांव के बीच बरगद के पेड़ के नीचे आयोजित जनचौपाल में उन्होंने सीधे ग्रामीणों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक चलने वाला सुशासन तिहार सरकार को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान है, ताकि समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। उन्होंने राशन, पेयजल, बिजली, नमक-शक्कर वितरण और राजस्व संबंधी समस्याओं पर जानकारी लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनचौपाल में “लखपति दीदी” सुमिला कोरवा और पुष्पलता चौहान से बातचीत कर उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना की गई। महिला समूहों द्वारा ईंट निर्माण, किराना संचालन और बीसी सखी जैसे कार्यों से आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल सामने आई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 8 लाख महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जबकि देशभर में यह आंकड़ा 3 करोड़ से पार हो चुका है।
इस दौरान चंदागढ़ और भैंसामुड़ा के विकास के लिए सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम, सीसी रोड और बच्चों के लिए क्रिकेट किट व यूनिफॉर्म जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने संतोष जताया कि महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।
तेंदूपत्ता संग्रहण, चरण पादुका योजना और डिजिटल सुविधा केंद्रों के जरिए मिल रही सेवाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सुशासन का असली मतलब यही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।




