बलरामपुर में साल लकड़ी की तस्करी पर वन विभाग का शिकंजा, पिकअप जब्त, दो आरोपी जेल भेजे गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बलरामपुर वनमंडल की टीम ने साल लकड़ी की तस्करी करते एक पिकअप वाहन को पकड़कर जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र बलरामपुर के मानिकपुर सर्किल में यह कार्रवाई की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि मानपुर क्षेत्र से अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है।
जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 9601 में साल प्रजाति के 8 लट्ठे, जिनका कुल आयतन लगभग 1.915 घनमीटर था, बरामद किए गए। वाहन में सवार विष्णु गुप्ता और सर्वोत्तम गुप्ता, निवासी ग्राम बानापती, लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वाहन सहित लकड़ी को जब्त कर लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 और 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।


