मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, खाद की कालाबाजारी करने वाले केंद्र पर छापा, 3219 बोरी उर्वरक जब्त

किसानों को निर्धारित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने और उर्वरकों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त एक शिकायत पर सरगुजा जिले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर के नेहरूनगर (डीगमा) स्थित एक उर्वरक विक्रय केंद्र को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान केंद्र से 3219 बोरी उर्वरक जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार एक किसान ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि नेहरूनगर स्थित मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरकों की बिक्री की जा रही है। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता किसान के बयान दर्ज किए गए और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला स्तरीय टीम ने 25 जून को संबंधित प्रतिष्ठान पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में उर्वरक का भंडारण पाया गया, जिसके बाद 3219 बोरी उर्वरक जब्त कर पूरे विक्रय केंद्र को सील कर दिया गया।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई से जिले के अन्य उर्वरक विक्रेताओं को भी स्पष्ट संदेश मिला है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि कुंवर साय पैंकरा, उर्वरक निरीक्षक जे. आलम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सीताराम भगत सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं खाद-बीज की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य पर बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 या संबंधित कृषि कार्यालय को दें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार निरीक्षण और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




