शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उदयपुर स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाकर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कराई और अध्ययन सामग्री वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर, जागरूक और संस्कारित समाज के निर्माण की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास की पाठशाला भी है। विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने का प्रयास करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी मंत्री ने सराहना की। इस मौके पर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा की गई और उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम होती है। उनके संयुक्त प्रयासों से ही शिक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।




