छत्तीसगढ़ में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आगाज़, खिलाड़ियों के भविष्य का बनेगा नया रोडमैप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देने की पहल के तहत पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने राजधानी रायपुर में किया। इस आयोजन में देशभर से खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, अनुभवी खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। दिनभर चले विभिन्न सत्रों में राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, खेल प्रतिभाओं की पहचान करने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित और सक्षम छत्तीसगढ़ के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलेंगे तो प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। राज्य सरकार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रदेश में उपलब्ध खेल अधोसंरचना का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने, खेल परिसरों के प्रभावी संचालन और खिलाड़ियों के लिए उनकी आसान उपलब्धता पर भी जोर दिया। साथ ही सभी जिलों में मजबूत और पारदर्शी खेल संघों के गठन तथा नियमित खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने कहा कि कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों को राज्य की नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में ₹150 करोड़ से अधिक की लागत से खेल अधोसंरचना परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजन खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसर साबित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से तैयार होने वाला रोडमैप प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कॉन्क्लेव में खेल विभाग की संचालक तनुजा सलाम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, ओलंपियन जिन्शन जॉनसन, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, विभिन्न जिलों के खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, पदक विजेता खिलाड़ी और खेल संघों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



