गुरु पूर्णिमा पर बिलासपुर में वन महोत्सव, अरुण साव ने किया पौधरोपण और दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

बिलासपुर में गुरु पूर्णिमा और अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर आयोजित वन महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष केवल धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हर व्यक्ति को पौधरोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और वन विभाग की “पौधा तुंहर दुवार” वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का भी वितरण किया गया।
अरुण साव ने कहा कि गुरु पूर्णिमा ज्ञान, त्याग और समर्पण के प्रतीक गुरुओं को नमन करने का अवसर है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस हमें वन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई के दुष्परिणाम अब स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन या किसी विशेष अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। सीसीएफ मनोज पांडे ने बताया कि वर्ष 1950 से शुरू हुआ वन महोत्सव अभियान आज भी पर्यावरण जागरूकता का प्रभावी माध्यम बना हुआ है।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, कुलपति डॉ. विरेन्द्र कुमार सारस्वत, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, वनमंडलाधिकारी नीरज कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




