श्रावण के पहले सोमवार पर बीरपुर में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, लक्ष्मी राजवाड़े ने किया शिव जलाभिषेक

श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने गृह ग्राम बीरपुर में आयोजित कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
उन्होंने बीरपुर के पासंग नाला से श्रद्धापूर्वक पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा में पदयात्रा की और भगवान भोलेनाथ के मंदिर पहुंचकर सपरिवार जलाभिषेक, रुद्राभिषेक तथा विधिवत पूजा-अर्चना की।
पूजन-अर्चन के दौरान मंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान शिव से समस्त छत्तीसगढ़ पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। यह पावन समय समाज में सकारात्मक सोच, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।



