छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

चांपा में कबड्डी के दांव-पेंच का रोमांच, अरुण साव ने खिलाड़ियों में भरा जीत का जोश

चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विद्याभारती मध्यक्षेत्र क्षेत्रीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विजेता टीम को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सांसद कमलेश जांगड़े भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

अरुण साव ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई के साथ प्रतिदिन खेलों के लिए भी समय निकालना चाहिए। मैदान में बहाया गया पसीना शरीर में ऊर्जा और जीवन में उत्साह बनाए रखता है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं। मैदान में जीतने वाला सम्मान पाता है, लेकिन हारने वाला भी अनुभव और सीख लेकर आगे बढ़ता है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, ऊर्जा और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना मजबूत करते हैं। विद्या भारती विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने असफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि जब बच्चा चलना सीखता है तो कई बार गिरता है, लेकिन हर बार उठकर दोबारा प्रयास करता है। इसी तरह जीवन में असफलता आने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर नए उत्साह के साथ प्रयास जारी रखना चाहिए। समर्पण, संकल्प और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास सफलता की राह खोलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिरों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन और शिष्टाचार की सीख दी जाती है। यही संस्कार उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button