Asian Games 2026: ब्रॉन्ज जीतकर भी भड़कीं सुचिका, सेमीफाइनल के फैसले पर उठाए सवाल—‘मैंने दोनों राउंड जीते थे’

हरियाणा के रोहतक जिले के किलोई गांव की सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स 2026 में महिला ट्रेडिशनल MMA की 60 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया। हालांकि, ब्रॉन्ज तक पहुंचने का सफर उनके लिए जितना शानदार रहा, सेमीफाइनल का फैसला उतना ही विवादों में घिर गया।
सिंगापुर की हुई हून तेओ के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला बेहद कांटे का रहा। दोनों खिलाड़ियों का स्कोर बराबर रहने के बाद कम वजन वाली खिलाड़ी के पक्ष में फैसला गया और सुचिका फाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं।
सुचिका ने इस फैसले पर खुलकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मुकाबले में वह लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही थीं और टेकडाउन भी उन्होंने किए। सुचिका के मुताबिक, उन्होंने पदक का रंग बदलने के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं आया।
सुचिका ने कहा कि उन्हें वजन से जुड़े नियमों की जानकारी है और नियम के तहत कम वजन वाली खिलाड़ी को बढ़त मिल सकती है, लेकिन उनका मानना है कि पूरे मुकाबले का आकलन सिर्फ वजन के आधार पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने दोनों राउंड में बेहतर प्रदर्शन किया और उनकी प्रतिद्वंद्वी उन्हें एक बार भी टेकडाउन नहीं कर सकीं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुकाबला देखने वाले कई लोगों ने उन्हें बताया कि उनका प्रदर्शन बेहतर था। सुचिका ने फेडरेशन और खिलाड़ी के सिंगापुर से जुड़े होने का जिक्र करते हुए सेमीफाइनल के फैसले पर सवाल उठाया।
इसके बावजूद सुचिका का कांस्य पदक उनके संघर्ष की बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले तक पहुंची थीं, लेकिन पदक से चूक गईं। एशियन गेम्स में कुराश में भी उन्हें सफलता नहीं मिली। MMA में उन्हें एक और मौका मिला और इस बार उन्होंने उसे पदक में बदल दिया।




